बूथ अध्यक्ष सम्मेलन की तैयारियों को लेकर भाजपा की बैठक सम्पन्न, संगठन की मजबूती पर दिया गया जोर
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी के आगामी बूथ अध्यक्ष सम्मेलन (विधानसभा तुलसीपुर) की तैयारियों को लेकर रविवार को तुलसी पार्क स्थित अटल भवन पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन को सफल एवं प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई तथा संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया गया।बैठक में मुख्य रूप से तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला एवं भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए सम्मेलन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि बूथ भारतीय जनता पार्टी की सबसे मजबूत संगठनात्मक इकाई है। बूथ अध्यक्ष पार्टी की रीढ़ होते हैं और उन्हीं की सक्रियता से संगठन की नीतियां एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने तथा प्रत्येक बूथ से अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। निवर्तमान जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका अनुशासित एवं समर्पित संगठन है। बूथ अध्यक्ष सम्मेलन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है।उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा, समर्पण और टीम भावना के साथ सम्मेलन की तैयारियों में जुटे, ताकि विधानसभा तुलसीपुर का सम्मेलन संगठनात्मक दृष्टि से एक आदर्श कार्यक्रम के रूप में स्थापित हो सके।इस अवसर पर जिला महामंत्री डॉ. अजय सिंह ‘पिंकू’, कार्यक्रम संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष वरुण सिंह ‘मोनू’, जिला महामंत्री बिंदु विश्वकर्मा, जिला मंत्री तरुण त्रिपाठी, संदीप उपाध्याय, साधना पांडेय, नंदनी शुक्ला, राजा राम गौतम, चंचरीक त्रिपाठी, आद्या सिंह, सुनीता मिश्रा, राम कृपाल शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन को भव्य, सफल एवं ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।