जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एनकॉर्ड की बैठक सम्पन्न
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश
विद्यालयों में नशा मुक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जाएगा जागरूक
बलरामपुर। जनपद में अवैध शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं सेवन पर प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में एनकॉर्ड (NCORD) की बैठक सम्पन्न हुई।बैठक में जिलाधिकारी ने अवैध शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। नशीले पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी से संबंधित सूचनाएं प्राप्त करने के लिए स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए तथा प्राप्त इनपुट के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने आबकारी एवं पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।जनपद की नेपाल से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी एवं सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की संभावित तस्करी एवं अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस, आबकारी एवं संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाए। सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए तथा प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए।जिलाधिकारी ने युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जनपद के विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में विशेष नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए। विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रमों, संवाद एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि नशीले पदार्थों की रोकथाम केवल प्रवर्तन कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि व्यापक जनजागरूकता के माध्यम से समाज, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने की दिशा में भी प्रभावी कार्य किया जाए।बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से विशेष अभियान संचालित करने, नियमित निगरानी रखने तथा अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक व अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहें।