Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

कोडरीघाट तटबंध का एडीएम ने किया निरीक्षण, फ्लड फाइटिंग कार्यों में तेजी के निर्देश

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

बलरामपुर, 26 जुलाई 2026।संभावित बाढ़ एवं नदी कटान से जनपद की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) सुश्री ज्योति राय ने तहसील बलरामपुर सदर क्षेत्र स्थित कोडरीघाट तटबंध का स्थलीय निरीक्षण कर कटान रोकने के लिए चल रहे फ्लड फाइटिंग कार्यों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान एडीएम ने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से अब तक कराए गए कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर उपलब्ध संसाधनों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि तटबंध की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी फ्लड फाइटिंग कार्य युद्धस्तर पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि किसी भी संभावित कटान या नुकसान को रोका जा सके।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नदी के जलस्तर और तटबंध की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जाए। जहां अतिरिक्त सुरक्षा उपायों की आवश्यकता हो, वहां तत्काल आवश्यक सामग्री, मशीनरी एवं मानव संसाधन उपलब्ध कराते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने और सभी व्यवस्थाओं को पूरी मुस्तैदी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी संवेदनशील कटान स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। संबंधित विभागों की टीमें लगातार फील्ड में रहकर स्थिति का आकलन कर रही हैं और आवश्यकता के अनुसार तत्काल फ्लड फाइटिंग कार्य कराए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता बाढ़ खंड अंकित वर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.