डीएम की अध्यक्षता में तहसील उतरौला में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
जनसमस्याओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं कृषक बंधुओं को मिनीकिट का किया वितरण
उतरौला,बलरामपुर।जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से तहसील उतरौला में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस शासन की महत्वपूर्ण जनसुनवाई व्यवस्था है, जिसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए। जिन प्रकरणों में स्थलीय जांच आवश्यक हो, उनमें संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर जांच करें तथा तथ्यात्मक आख्या प्रस्तुत करें। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, विद्युत, पेयजल, पेंशन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया।सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर विभिन्न स्वरोजगार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं वित्तीय सहायता भी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के अंतर्गत लाभार्थी प्रकाश पांडे को ₹3.00 लाख तथा राजेश वर्मा को ₹2.20 लाख का चेक प्रदान किया गया।इसी प्रकार मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत लाभार्थी कंचन कौशल को ₹9.50 लाख का चेक प्रदान किया गया। वहीं प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत लाभार्थी जतिन गुप्ता को ₹1.71 लाख की वित्तीय सहायता का चेक प्रदान किया गया।इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा कृषक बंधुओं को कृषि उत्पादन बढ़ाने एवं उन्नत खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मिनीकिट का भी वितरण किया गया। उन्होंने किसानों से शासन की कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने का आह्वान किया।सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा भी की गई तथा संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी उतरौला, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।