Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

आजादी के 80 वर्ष बाद गांवों को मिला नजदीकी बाजार से जुड़ने का पक्का रास्ता

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

उतरौला,बलरामपुर। क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए लंबे इंतजार के बाद सड़क सुविधा को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। बिलरिया से बनहा चौराहा तक तथा हुसैनाबाद चौराहा से पतली मंदिर तक सड़क नवीनीकरण के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। सड़क के कायाकल्प की खबर से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।लंबे समय से जर्जर और खराब मार्गों के कारण ग्रामीणों को अपने नजदीकी बाजार, विद्यालय, अस्पताल तथा अन्य जरूरी स्थानों तक आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती थी। अब सड़क नवीनीकरण का प्रस्ताव मंजूर होने से इन गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन की उम्मीद जगी है।ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के 80 वर्ष बाद उनके गांवों को नजदीकी बाजारों से बेहतर पक्के मार्ग के माध्यम से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। सड़क बनने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को विद्यालय जाने और मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने में भूमिका निभाने वाले उतरौला विधायक रामप्रताप वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर होगी।ग्रामीणों को अब इंतजार है कि स्वीकृत प्रस्ताव पर शीघ्र कार्य शुरू हो और वर्षों से चली आ रही सड़क की समस्या का स्थायी समाधान हो।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.