सामाजिक भेदभाव के आरोप और राहुल गांधी के खिलाफ FIR के विरोध में कांग्रेस का धरना
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर की ओर से सोमवार को अम्बेडकर चौराहा पर धरना-प्रदर्शन किया गया। जिला अध्यक्ष शिवलाल कोरी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद भाजपा एवं आरएसएस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कथित जातिवादी “शुद्धिकरण अनुष्ठान” तथा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज एफआईआर का विरोध किया।धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवलाल कोरी ने कहा कि जाति के आधार पर किसी भी व्यक्ति के साथ भेदभाव करना संविधान की मूल भावना के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई होनी चाहिए। राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने को उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय से जुड़ा गंभीर विषय बताया।पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं एआईसीसी सदस्य राज बहादुर यादव ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि जातिवादी मानसिकता के खिलाफ कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रही है और सामाजिक न्याय तथा संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।पूर्व जिला अध्यक्ष अनुज सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज को दबाने के बजाय जनहित से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय की जानी चाहिए। उन्होंने हल्द्वानी की घटना में सामने आए कथित “शुद्धिकरण अनुष्ठान” की निंदा करते हुए कहा कि समाज में आपसी भाईचारा, समानता और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामाजिक भेदभाव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस सामाजिक समानता, लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा से जुड़े मुद्दों पर आगे भी मजबूती से अपनी आवाज उठाती रहेगी।धरना-प्रदर्शन में डॉ. पंकज गुप्ता, अवधेश पाल सिंह, डॉ. खलीउल्लाह, सियाराम प्रधान, अफरोज खान, इबरार अहमद, संतोष पाण्डे, अमेरिका कुरील, मो. जमील, धर्मेंद्र मिश्रा, विजय उपाध्याय, सुशील शुक्ला एवं गुजराती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।