Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना कोतवाली उतरौला का किया गया आकस्मिक निरीक्षण

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

संबंधित को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

उतरौला,बलरामपुर।आज दिनांक 03.09.2026 को पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मार्तण्ड प्रकाश सिंह द्वारा थाना कोतवाली उतरौला का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, बैरक, मालखाना, मिशन शक्ति केन्द्र, सीसीटीएनएस कार्यालय एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों,स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना कार्यालय में अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों, आईजीआरएस प्रकरणों एवं लंबित अभियोगों की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों,कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि सभी प्रकरणों में नियमानुसार एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण किया जाए तथा पीड़ित,शिकायतकर्ता की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।थाना क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, वांछित,वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा नियमित रूप से संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग करने के निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक द्वारा रात्रि गश्त एवं क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने, संवेदनशील स्थानों पर सतर्क निगरानी रखने तथा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।इसके साथ ही मिशन शक्ति केन्द्र पर आने वाली शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनकर त्वरित निस्तारण करने तथा महिला एवं बाल संबंधी अपराधों में प्रभावी एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर एवं अभिलेखों की स्वच्छता, अनुशासन एवं पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया तथा सभी अधिकारी/कर्मचारियों को पूर्ण मनोयोग, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा स्पष्ट किया गया कि जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।इस दौरान क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ0 जितेन्द्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली उतरौला अवधेश राज सिंह व अन्य अधिकारी/ कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.