सरयू की तेज धारा में बह रहे युवक को जल पुलिस जवानों ने सकुशल बाहर निकाला
रिपोर्ट -ब्यूरो आचार्य स्कंद दास अयोध्या धाम
अयोध्या। सरयू नदी में युवक के छलांग लगाने की सूचना मिलते ही जल पुलिस और 30वीं वाहिनी पीएसी गोंडा की टीम ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। जवानों की तत्परता, साहस और संयुक्त रेस्क्यू अभियान के चलते तेज धारा में बह रहे युवक की जान बच गई। रेस्क्यू के बाद युवक को नयाघाट पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया गया।
बताया गया कि कुमारगंज थाना क्षेत्र के ग्राम उधूई निवासी शीतला पांडेय पुत्र सिद्धनाथ पांडेय नशे की हालत में फाइबर जेटी से सरयू नदी में कूद गया। नदी की तेज धारा में युवक के बहने की जानकारी मिलते ही ड्यूटी पर गश्त कर रहे जल पुलिस प्रभारी रुबे प्रताप मौर्य ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कराया।जल पुलिस के आरक्षी मुन्ना यादव, आरक्षी पुष्कर बाबू, आरक्षी आशीष प्रताप और गोताखोर दुर्गा प्रसाद ने नदी में उतरकर युवक की तलाश शुरू की। इसी दौरान रेस्क्यू अभियान में 30वीं वाहिनी पीएसी गोंडा की बी कंपनी के मुख्य आरक्षी राम नरेश यादव, आरक्षी विकास यादव और आरक्षी विजय नाथ वर्मा ने भी मोर्चा संभालते हुए जल पुलिस का सहयोग किया।जल पुलिस और पीएसी के जवानों के संयुक्त प्रयास से युवक को तेज बहाव के बीच सकुशल बाहर निकाल लिया गया। जवानों की त्वरित कार्रवाई से सरयू में होने वाला बड़ा हादसा टल गया। रेस्क्यू के बाद युवक को नयाघाट पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया गया।