Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम एवं एसपी की अध्यक्षता में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक संपन्न

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

जनपद में 1656 दुर्गा पूजा पंडाल एवं 51 रामलीला आयोजन, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क — एसपी

निर्धारित एसओपी के अनुरूप ही होगा डीजे का संचालन, नियमों का उल्लंघन करने पर होगी विधिक कार्रवाई — एसपी

बलरामपुर।आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को जनपद में शांतिपूर्ण, सुरक्षित, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक श्री मार्तण्ड प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।बैठक में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिकों, संभ्रांत व्यक्तियों, दुर्गा पूजा समितियों एवं रामलीला आयोजन से जुड़े प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित लोगों से आगामी त्योहारों के आयोजन, आवश्यक व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों एवं स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं के संबंध में विस्तृत संवाद किया गया तथा उनके सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना गया।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सर्किलवार एवं थानावार त्योहारों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं, जिससे श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि आगामी त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें तथा आपसी समन्वय एवं सामंजस्य के साथ कार्य करें।उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्गा पूजा पंडालों, रामलीला आयोजन स्थलों एवं प्रमुख आवागमन मार्गों पर सड़क, विद्युत, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि आयोजन स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति का परीक्षण करते हुए आवश्यकतानुसार मरम्मत एवं सुधार कार्य समय से पूर्ण कराए जाएं। विद्युत विभाग द्वारा आयोजन स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति तथा विद्युत सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही संबंधित निकायों एवं विभागों द्वारा नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय स्तर पर प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। किसी भी समस्या के समाधान में अनावश्यक विलंब न हो तथा सभी संबंधित अधिकारी आपसी संवाद बनाए रखें।जिलाधिकारी ने उपस्थित गणमान्य नागरिकों एवं आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनपद का इतिहास आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण का रहा है। जनपद में सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहारों को मिलजुलकर मनाते आए हैं।उन्होंने कहा कि त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता एवं आपसी प्रेम के प्रतीक हैं। सभी नागरिक इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को हर्षोल्लास, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं।जिलाधिकारी ने सभी आयोजन समितियों से प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने तथा निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा असुविधा होने पर तत्काल संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को अवगत कराएं, जिससे समय रहते उसका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने समस्त जनपदवासियों को आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।बैठक में पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने आगामी त्योहारों के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।उन्होंने बताया कि जनपद में नवरात्रि के अवसर पर कुल 1656 दुर्गा पूजा पंडाल सजाए जाते हैं तथा 51 स्थानों पर रामलीला का आयोजन होता है। इन आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आमजन की उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सावधानियों का विशेष ध्यान रखा जाएगा।पुलिस अधीक्षक ने सभी दुर्गा पूजा समितियों से अपील की कि प्रत्येक पंडाल में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था अवश्य सुनिश्चित करें। इसके साथ ही पंडालों में सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर नियुक्त किए जाएं तथा उनकी सूची संबंधित थाना पुलिस को उपलब्ध कराई जाए।पुलिस अधीक्षक ने सभी आयोजन समितियों को निर्देशित किया कि दुर्गा पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत विशेष सावधानी बरती जाए। प्रत्येक पंडाल में आवश्यकतानुसार बालू एवं पानी से भरे ड्रम की व्यवस्था अवश्य रखी जाए, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्राथमिक स्तर पर बचाव किया जा सके।उन्होंने कहा कि पंडालों में विद्युत तार खुले अथवा असुरक्षित स्थिति में न हों। विद्युत कनेक्शन, वायरिंग एवं प्रकाश व्यवस्था सुरक्षित ढंग से की जाए तथा विद्युत उपकरणों के उपयोग में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने आयोजन समितियों से अपील की कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पंडालों में प्रवेश एवं निकास मार्गों को सुगम बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने दें।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के दौरान डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन केवल जारी एसओपी एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप ही किया जाएगा।उन्होंने कहा कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में निर्धारित मानकों, समय-सीमा एवं अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित एसओपी का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधीक्षक ने सभी दुर्गा पूजा एवं रामलीला आयोजन समितियों से पुलिस प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने की अपील की।उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सभी लोग आपसी भाईचारे, सहयोग एवं सौहार्द की भावना के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।बैठक के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद के विभिन्न सर्किल एवं थाना क्षेत्रों में आयोजित होने वाले दुर्गा पूजा एवं रामलीला कार्यक्रमों के संबंध में तैयारियों की समीक्षा की गई।इस दौरान आयोजन स्थलों की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं के आवागमन, विद्युत सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन एवं कानून व्यवस्था से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजन समितियों एवं गणमान्य नागरिकों से निरंतर संवाद बनाए रखें तथा प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं का समय से समाधान सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराएं।बैठक के अंत में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी जनपदवासियों से अपील की कि वे बलरामपुर की आपसी सद्भाव, भाईचारे एवं सामाजिक एकता की परंपरा को बनाए रखते हुए आगामी त्योहारों को हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शिव नारायण सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिक एवं आयोजन समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.