अखिलेश ने योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने की दी चुनौती
रिपोर्ट – ब्यूरो अयोध्या धाम
कृष्णापुर में पवन पांडेय की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचे सपा अध्यक्ष, बोले- सपा सरकार बनी तो अयोध्या को वैश्विक स्तर पर विकसित करेंगे
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर कृष्णापुर गांव में सपा नेता पवन पांडेय की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में उन्होंने हिस्सा लिया। अखिलेश यादव ने व्यास मंच का आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए श्रीमद्भागवत कथा के संदेश और सामाजिक समरसता पर अपने विचार रखे।अखिलेश यादव ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का संदेश सभी को समानता, प्रेम और सद्भाव के साथ रहने का है। समाज में किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ही श्रीकृष्ण हैं और भगवान श्रीकृष्ण ही श्रीराम हैं। दोनों के आदर्श समाज को एकता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हैं।सुदामा-कृष्ण की मित्रता को पीडीए से जोड़ा सपा अध्यक्ष ने भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का उदाहरण देते हुए सामाजिक समानता की बात कही। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा के संबंध में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं था। इसी भाव को समाज में आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने सुदामा और श्रीकृष्ण की मित्रता को समाजवादी पार्टी की पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अवधारणा से भी जोड़ते हुए सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती धार्मिक आयोजन के मंच से अखिलेश यादव ने प्रदेश की राजनीति पर भी तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अयोध्या विधानसभा क्षेत्र से पवन पांडेय को अपना प्रत्याशी बनाया है और अब मैदान खुला हुआ है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर चुनाव लड़ने का अवसर सभी के सामने है।अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या विधानसभा सीट से पवन पांडेय को प्रत्याशी घोषित किया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से पार्टी को मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।पर्यटन स्थल नहीं, तीर्थ स्थल के रूप में विकसित होगी अयोध्या सपा अध्यक्ष ने अयोध्या के विकास को लेकर भी अपना दृष्टिकोण रखा। उन्होंने कहा कि अयोध्या केवल पर्यटन स्थल नहीं बल्कि एक प्रमुख तीर्थ स्थल है। सपा की सरकार बनने पर अयोध्या को वैश्विक स्तर पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास ऐसा होना चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिलें और स्थानीय लोगों के हितों का भी ध्यान रखा जाए।महिलाओं को सालाना 40 हजार देने का वादा अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता की योजना लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए सपा सरकार प्राथमिकता के साथ काम करेगी।श्रीमद्भागवत कथा में अखिलेश यादव के पहुंचने पर सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह नजर आया। सांसद अवधेश प्रसाद, पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव, अनूप सिंह, पूर्व विधायक रुश्दी मियां जिला अध्यक्ष जय सिंह यादव महिला जिला अध्यक्ष सरोज यादव सहित आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पार्टी समर्थक मौजूद रहे।