Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक संपन्न

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

डीएम ने राजनैतिक दलों से युवा एवं छूटे हुए पात्र मतदाताओं के अधिक से अधिक फॉर्म–6 भरवाने में सहयोग की अपील की

बलरामपुर।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के निरंतर पुनरीक्षण–2026 कार्यक्रम के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में जनपद के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक संपन्न हुई।बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचक नामावलियों के निरंतर पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की तथा युवा मतदाताओं, प्रथम बार मतदाता बनने के पात्र नागरिकों एवं मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूटे हुए पात्र व्यक्तियों के अधिक से अधिक फॉर्म–6 भरवाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की।उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि विशेष रूप से ऐसे युवा नागरिक, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है अथवा निर्धारित अर्हता तिथि के अनुसार मतदाता बनने की पात्रता रखते हैं, उनका मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित कराने के लिए व्यापक जागरूकता एवं सहयोग प्रदान करें।जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राजनैतिक दलों के पदाधिकारी एवं बूथ लेवल एजेंट अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए ऐसे पात्र व्यक्तियों की पहचान में सहयोग करें, जिनका नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं हो सका है।उन्होंने कहा कि विशेष रूप से महिला मतदाताओं, दिव्यांगजनों, प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं तथा अन्य छूटे हुए पात्र व्यक्तियों के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए।बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचक नामावली में नया नाम सम्मिलित कराने के लिए फॉर्म–6, विदेश में रहने वाले पात्र भारतीय नागरिकों के पंजीकरण के लिए फॉर्म–6A, मृतक, स्थानांतरित, डुप्लीकेट अथवा अन्य निर्धारित कारणों से नाम हटाने के लिए फॉर्म–7 तथा नाम, पता, आयु एवं अन्य प्रविष्टियों में संशोधन, निवास स्थान परिवर्तन तथा अन्य निर्धारित सेवाओं के लिए फॉर्म–8 का उपयोग किया जा सकता है।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता पंजीकरण एवं संशोधन की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा ऑनलाइन सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। पात्र नागरिक ECINET मोबाइल ऐप एवं https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से भी निर्धारित फॉर्म भरकर आवेदन कर सकते हैं।उन्होंने सभी राजनैतिक दलों से अपील की कि अपने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से आमजन को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में जागरूक करें तथा अधिक से अधिक पात्र युवाओं एवं छूटे हुए मतदाताओं के आवेदन भरवाने में सहयोग प्रदान करें।बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं निर्वाचन कार्य से संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.