महिलाओं को जागरूक करने के लिए पूजा पंडालों तक पहुंची पुलिस
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
सादुल्लानगर,बलरामपुर। शारदीय नवरात्र में दुर्गा पूजा पंडालों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच पुलिस महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को सादुल्लानगर थाना क्षेत्र के रंकीबदलपुर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस टीम ने महिलाओं और स्कूल की बालिकाओं को दहेज प्रथा, बाल विवाह और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही सरकारी योजनाओं के बारे में बताकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय और क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान बाल विवाह को कानूनन अपराध बताते हुए इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की गई। दहेज प्रतिषेध अधिनियम की जानकारी देते हुए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।जरूरत पड़ने पर इन नंबरों पर करें फोन
पुलिस टीम ने महिलाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित जरूरी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इसके अलावा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के बारे में भी बताया गया। महिलाओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।कार्यक्रम में थाने पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र और परिवार परामर्श केंद्र की जानकारी देते हुए घरेलू विवादों को आपसी बातचीत से सुलझाने तथा परिवार में सामंजस्य बनाए रखने की अपील की गई। पुलिस टीम ने महिलाओं से उनकी समस्याएं भी पूछीं। उपस्थित महिलाओं ने किसी प्रकार की समस्या नहीं होने की बात कही।