नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपित गिरफ्तार
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
रेहरा बाजार,बलरामपुर। नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में रेहरा बाजार थाना पुलिस ने वांछित आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद नाबालिग के मामले में विवेचना के दौरान साक्ष्यों और बयानों के आधार पर मुकदमे में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाई हैं। गिरफ्तार आरोपित को रविवार को न्यायालय भेज दिया गया।पुलिस के मुताबिक, थाना क्षेत्र की एक महिला ने 23 अक्टूबर को प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया था कि उसकी करीब 17 वर्षीय बेटी को दुर्गेश चौहान उर्फ सनी देओल निवासी बनकटवा चीथरडीह, गजपुर ग्रिंट, थाना रेहरा बाजार शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने नाबालिग को बरामद कर लिया।पुलिस के अनुसार, विवेचना में मिले साक्ष्यों और बयानों के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 64(2)(एम), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एल)/6 और 5(आईआई)/6 की बढ़ोतरी की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपित दुर्गेश चौहान उर्फ सनी देओल (20) को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। थानाध्यक्ष अनिल कुमार दीक्षित के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शेषनाथ यादव, कांस्टेबल प्रभुनाथ यादव और महिला कांस्टेबल सुधा की टीम ने गिरफ्तारी की। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।