Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

सरदार पटेल जयंती पर जिलेभर में होंगे विविध कार्यक्रम 28 से 31 अक्टूबर तक भाजपा मनाएगी जन्म जयंती

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

समारोह, 31 को निकलेगी रन फॉर यूनिटी दौड़
गैसड़ी चौराहे पर स्थापित होगी सरदार पटेल की प्रतिमा, नामकरण का प्रस्ताव भी पारित

बलरामपुर। भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर भाजपा की ओर से 28 से 31 अक्टूबर तक जिलेभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत श्रद्धांजलि सभाओं के साथ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा। यह जानकारी मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं गैसड़ी पंचायत के अध्यक्ष प्रिंस वर्मा ने दी।
प्रिंस वर्मा ने बताया कि गैसड़ी पंचायत में सरदार वल्लभभाई पटेल के सम्मान में गैसड़ी चौराहे पर बिस्कोहर जाने वाले मार्ग पर उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही चौराहे का नाम वल्लभभाई चौराहा रखने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि 28 अक्टूबर को भाजपा पिछड़ा मोर्चा की ओर से पार्टी कार्यालय पर कटआउट, होर्डिंग और फ्लेक्स के माध्यम से सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों और श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन भी होगा। वहीं, 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दौड़ (रन फॉर यूनिटी) आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा।प्रिंस वर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। भाजपा उनके योगदान को सम्मान देने और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से परिचित कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर सरदार पटेल को प्रधानमंत्री नहीं बनाए जाने को लेकर भी निशाना साधा और पार्टी की ओर से उनके सम्मान में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।
पत्रकार वार्ता में उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा और भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी अवधेश पाण्डेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.