त्योहारों से पहले बलरामपुर पुलिस अलर्ट, एसपी ने परखी तैयारियां
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलवा मॉक ड्रिल कर पुलिसकर्मियों को दिए निर्देश, यूपी-112 वाहनों और पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बलरामपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता और अनुशासन परखने के साथ बलवा एवं शस्त्र मॉक ड्रिल कराकर दंगा नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया गया।एसपी के नेतृत्व में आयोजित मॉक ड्रिल में पुलिस टीमों ने दंगाइयों और उपद्रवियों से निपटने का अभ्यास किया।अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण उपकरणों और शस्त्रों के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी दी। एसपी ने कमियों को दूर करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए।इसके बाद यूपी-112 वाहनों में उपलब्ध उपकरणों, फर्स्ट एड बॉक्स और उनकी कार्यशीलता की जांच की गई। एसपी ने त्वरित पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित करने पर जोर दिया।उन्होंने पुलिस लाइन के शस्त्रागार, क्वार्टर गार्ड, स्टोर रूम, परिवहन शाखा, बैरक, कैंटीन और भोजनालय का भी निरीक्षण किया। भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय सहित विभिन्न क्षेत्राधिकारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।