दीपावली के उल्लास में माडर्न शीला विद्यालय में सजी रंगों की मनमोहक छटा, रंगोली प्रतियोगिता में चारों हाउसों ने दिखाया हुनर
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
मौर्या गंज, बलरामपुर। शिक्षा क्षेत्र रेहरा बाजार के माडर्न शीला विद्यालय मौर्यागंज में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में सर्वप्रथम दीपक पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके पश्चात विद्यालय में चारों हाउसों के बीच भव्य रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा, मेहनत और आकर्षक रंग-संयोजन का शानदार प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में ज्ञान हाउस, प्रगति हाउस, संस्कार हाउस एवं शौर्य हाउस के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया। सभी हाउसों की रंगोलियाँ अपनी सुंदरता, कलात्मकता और अनूठी सजावट के कारण आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और सामूहिक प्रयास से रंगों के माध्यम से दीपावली की खुशियों को खूबसूरती से प्रस्तुत किया।प्रतियोगिता के परिणाम में ज्ञान हाउस ने प्रथम स्थान, प्रगति हाउस ने द्वितीय स्थान, संस्कार हाउस ने तृतीय स्थान तथा शौर्य हाउस ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने अपनी मेहनत, लगन और टीम भावना से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक मस्तराम मौर्या जी एवं प्रधानाचार्य जी. पी. वर्मा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक प्रतियोगिताएँ बच्चों में छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, सहयोग और स्वस्थप्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर आर. आर. वर्मा, अमन गुप्ता, सौरभ वर्मा, दिलीप वर्मा, रीना सिंह, किरन चौहान, सरस्वती वर्मा, निशा मौर्या, निशा, अंजनी सहित विद्यालय के समस्तशिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।