Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

मेरा विद्यालय-मेरा गौरव’ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ, पुरातन छात्रों को किया गया सम्मानित

रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा

डीएम प्रियंका निरंजन और बीएसए अमित कुमार सिंह ने लक्ष्मणपुर जाट विद्यालय से की कार्यक्रम की शुरुआत

गोंडा। परिषदीय विद्यालयों के बच्चों का मनोबल बढ़ाने तथा विद्यालय से शिक्षा ग्रहण कर विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल करने वाले पूर्व छात्रों को सम्मानित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को ‘मेरा विद्यालय-मेरा गौरव एवं पुरातन छात्र एक्सीलेंस अवार्ड’ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। दोपहर तीन बजे पीएम कंपोजिट विद्यालय लक्ष्मणपुर जाट में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने किया।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा मां सरस्वती की वंदना से हुई। इसके बाद बच्चों ने ‘जंगल सफारी’ की मनमोहक प्रस्तुति देकर अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, विद्यार्थियों ने विज्ञान के क्षेत्र में किए गए नवाचारों और मॉडलों की प्रदर्शनी लगाकर अपनी वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक क्षमता का परिचय दिया। सफल पुरातन छात्रों को मिला सम्मान, दिव्यांग छात्रा ने पेश की प्रेरणादायक मिसाल जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी प्रतिभा एवं रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यालय से शिक्षा ग्रहण कर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले पुरातन छात्रों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में इंजीनियर अंकेश पाल, कृषि विभाग में कार्यरत रिया मिश्रा, विद्युत विभाग के अवर अभियंता राकेश पाल, सिंचाई विभाग के सूर्य प्रकाश तिवारी, चिकित्सा विभाग के प्रमोद गोस्वामी तथा महिला जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रहीं खुशी शामिल रहीं। कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक क्षण उस समय देखने को मिला, जब दिव्यांग छात्रा खुशी ने विद्यालय के अन्य बच्चों का मनोबल बढ़ाने और विद्यालय के विकास में सहयोग देने के उद्देश्य से अपनी छात्रवृत्ति की धनराशि विद्यालय को दान कर दी। छात्रा के इस सराहनीय कदम की उपस्थित लोगों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि किसी भी विद्यालय के वे पूर्व छात्र, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर समाज में अपनी अलग पहचान बनाई है, उस संस्थान की विशिष्ट पहचान और गौरव होते हैं। ऐसे पुरातन छात्रों का अपने विद्यालय से जुड़ाव बनाए रखने तथा विद्यालय के शैक्षिक एवं भौतिक विकास में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि लक्ष्मणपुर जाट विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर कई विद्यार्थी आज बड़ी कंपनियों और विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत हो चुकी है और जल्द ही जिले के अन्य प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में भी इस प्रकार के आयोजन कराए जाएंगे।डीएम ने बच्चों की वैज्ञानिक सोच, नवाचारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है तो बस उन्हें उचित मंच, प्रोत्साहन और अवसर प्रदान करने की।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.