Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

संकुल बैठक में स्वगणना और निपुण आकलन पर हुई चर्चा

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

रेहरा बाजार/बलरामपुर। विकासखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय छितलूपुर में सोमवार को संकुल स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने, बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और शासन की ओर से संचालित शैक्षिक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में स्वगणना, निपुण आकलन, अर्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। शिक्षकों को बच्चों के शैक्षिक स्तर का नियमित आकलन करने तथा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही निपुण लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निर्धारित शैक्षिक गतिविधियों को कक्षा में प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया।बैठक में कहा गया कि बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति से ही शिक्षण कार्य को बेहतर बनाया जा सकता है। इसके लिए अभिभावकों से संपर्क बनाए रखने और बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई गई। वहीं, अर्धवार्षिक परीक्षा को लेकर आवश्यक तैयारियों और विद्यार्थियों की प्रगति पर भी चर्चा हुई।इस अवसर पर एआरपी दिनेश त्रिपाठी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक पवन कुमार चौहान, कामता प्रसाद, प्रेम सागर गुप्ता, रंजन ज्ञान, नीतू यादव सहित क्षेत्र के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.