प्रभारी जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था को लेकर हुई विस्तृत समीक्षा
दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर सुधारात्मक कार्यवाही, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
बलरामपुर।जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किए जाने के उद्देश्य से प्रभारी जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई।बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर सुधारात्मक कार्यवाही, यातायात नियमों के अनुपालन, प्रवर्तन कार्यवाही, सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराए जाने तथा विभिन्न सड़क सुरक्षा योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।इस दौरान प्रभारी जिलाधिकारी,मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए संबंधित सभी विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुधारात्मक एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियों को प्राथमिकता दिए जाने के निर्देश दिए।बैठक में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित सड़क सुरक्षा पखवाड़ा की गतिविधियों पर विशेष चर्चा की गई।प्रभारी जिलाधिकारी,मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के दौरान परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए व्यापक स्तर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता गतिविधियां आयोजित करें।उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यालयों में सड़क सुरक्षा संबंधी बैनर एवं पोस्टर लगाए जाएं तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई जाए।विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं के माध्यम से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, रैली एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।इसी प्रकार ग्राम पंचायतों, नगर निकायों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर सड़क सुरक्षा का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।प्रभारी जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा पखवाड़ा केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि इसके माध्यम से आमजन के व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया जाए।उन्होंने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा नशे की अवस्था में वाहन न चलाने के संबंध में विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए।बैठक में पुलिस विभाग द्वारा प्रस्तुत जनवरी से अक्टूबर 2026 तक के सड़क दुर्घटनाओं के तुलनात्मक आंकड़ों की समीक्षा की गई।प्रभारी जिलाधिकारी,मुख्य विकास अधिकारी ने दुर्घटनाओं के इन आंकड़ों की समीक्षा करते हुए दुर्घटना के प्रमुख कारणों की पहचान करने एवं प्रभावी रोकथाम के लिए पुलिस, परिवहन तथा सड़क निर्माण से संबंधित विभागों को समन्वित कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए।बैठक में बलरामपुर से बढ़नी बॉर्डर तक मार्ग पर चिह्नित दुर्घटना बाहुल्य स्थलों एवं तीव्र मोड़ वाले स्थानों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही की समीक्षा की गई।इस दौरान शंकरपुर कलां, प्राथमिक विद्यालय शिवानगर चौराहा, गनवरिया तुलसीपुर, चौपुरवा, मटेहना, गैसड़ी, दलपुर-बकौली पुल, रामनगर पुल, नई बाजार चौराहा पचपेड़वा एवं त्रिलोकपुर एसएसबी कैंप के आसपास चिह्नित स्थलों पर सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यों पर चर्चा की गई।इन स्थलों पर आवश्यकतानुसार कैट आई, स्पीड लिमिट बोर्ड, दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र के संकेतक, स्पीड ब्रेकर, सड़क की मार्किंग, पुल की रेलिंग की मरम्मत, झाड़ियों की सफाई एवं अन्य सुधारात्मक कार्य कराए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।बैठक में अवगत कराया गया कि शंकरपुर कलां के पास जेब्रा क्रॉसिंग, रंबल स्ट्रिप एवं रोड मार्किंग आदि के अल्पकालिक सुधारात्मक कार्य कराए जा चुके हैं। अन्य सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यों की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा निविदा मूल्यांकन की प्रक्रिया प्रगति पर है।प्रभारी जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में गन्ना पेराई सत्र 2026-27 के दौरान चीनी मिलों तक गन्ना ढुलाई में प्रयुक्त वाहनों के संचालन एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई।अवगत कराया गया कि बलरामपुर चीनी मिल में पेराई प्रारंभ हो चुकी है, जबकि तुलसीपुर चीनी मिल एवं बजाज चीनी मिल उतरौला में क्रमशः 19 नवंबर एवं 25 नवंबर 2026 से पेराई प्रारंभ होना प्रस्तावित है।प्रभारी जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी ने जिला गन्ना अधिकारी, एआरटीओ, संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं चीनी मिल प्रबंधकों को आपसी समन्वय से गन्ना ढुलाई में प्रयुक्त वाहनों के सुरक्षित संचालन तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को त्वरित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में पीएम राहत कोष एवं कैशलेस ट्रीटमेंट योजना की समीक्षा की गई।संबंधित विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि पीएम राहत कोष के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में घायल 12 व्यक्तियों को कुल 1 लाख 50 हजार रुपये की चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई है।इसके अतिरिक्त जनपद में सड़क दुर्घटना में घायलों को तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों को भी संबंधित योजना में सूचीबद्ध किया गया है।प्रभारी जिलाधिकारी ,मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग एवं परिवहन विभाग को आपसी समन्वय से दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को शीघ्र चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने तथा कैशलेस ट्रीटमेंट योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।बैठक में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय से अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित राहवीर योजना की भी समीक्षा की गई।प्रभारी जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे सड़क दुर्घटना की स्थिति में आमजन घायलों की सहायता के लिए आगे आएं।उन्होंने स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग को योजना के निर्धारित मानकों के अनुरूप पात्र व्यक्तियों को चिह्नित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता एवं प्रवर्तन दोनों आवश्यक हैं।आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।प्रभारी जिलाधिकारी,मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें सभी विभागों एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत अपने-अपने विभागों में निर्धारित गतिविधियां अनिवार्य रूप से आयोजित कराएं।उन्होंने सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के दौरान अधिक से अधिक नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, वाहन चालकों एवं कर्मचारियों को जागरूक किए जाने पर विशेष जोर दिया।प्रभारी जिलाधिकारी,मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा के संबंध में निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाने के निर्देश दिए।इस दौरान सड़क सुरक्षा के सभी स्टेक होल्डर विभागों के साथ – साथ अन्य विभागों के भी अधिकारी उपस्थित रहे ।