संविधान दिवस पर बाबा साहेब की प्रतिमाओं का अनावरण, सामाजिक समानता का दिया संदेश
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
रेहरा बाजार,बलरामपुर। संविधान दिवस के अवसर पर विकासखंड रेहरा बाजार के ब्लॉक मुख्यालय और ग्राम पंचायत सोमरहा में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं का अनावरण एवं उद्घाटन किया गया। दोनों स्थानों पर ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह चौहान ने प्रतिमाओं का अनावरण कर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समानता, न्याय, शिक्षा और संवैधानिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया।इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन संघर्ष, सामाजिक योगदान और संविधान निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को याद किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का पूरा जीवन सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा, अधिकारों और मानव गरिमा की स्थापना के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी समाज को भेदभाव से मुक्त बनाने और प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर उपलब्ध कराने की प्रेरणा देते हैं।उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान करता है। संविधान में निहित मूल्यों को केवल याद करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार और सामाजिक जीवन में अपनाना भी आवश्यक है। बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात कर ही शिक्षित, सशक्त और समतामूलक समाज का निर्माण किया जा सकता है।ब्लॉक मुख्यालय और ग्राम पंचायत सोमरहा में प्रतिमाओं की स्थापना को बाबा साहेब के विचारों और उनके सामाजिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी गौरीशा श्रीवास्तव सहित ब्लॉक के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान संविधान के आदर्शों को अपनाने, समानता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।