Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु एवं जिला व्यापार बंधु की बैठक संपन्न

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

उद्यम प्रोत्साहन एवं व्यापारिक विकास पर हुई विस्तृत चर्चा

मुख्यमंत्री सूक्ष्म उद्यमी दुर्घटना बीमा योजना की दी गई जानकारी

बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं जिला व्यापार बंधु की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में औद्योगिक विकास, उद्यम प्रोत्साहन, स्वरोजगार योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।इस दौरान जिलाधिकारी ने व्यापारियों एवं उद्यमियों से सीधे संवाद करते हुए उनके सुझाव सुने और संबंधित अधिकारियों को ठोस कार्ययोजना बनाकर शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश दिए।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में निवेश और व्यापार के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता है। व्यापारियों द्वारा रखी गई समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे स्थानीय व्यापार और उद्योग को नई गति मिल सके।जिला व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों को “मुख्यमंत्री सूक्ष्म उद्यमी दुर्घटना बीमा योजना” के बारे में जानकारी दी गई। इस योजना के तहत ऐसे सूक्ष्म उद्यमियों को शामिल किया जाएगा जो जीएसटी विभाग द्वारा संचालित व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना से आच्छादित नहीं है। यह योजना विशेष रूप से छोटे दुकानदारों एवं माइक्रो बिजनेस संचालकों के लिए है। योजना के अंतर्गत 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के पात्र सूक्ष्म उद्यमियों को दुर्घटना की स्थिति में सुरक्षा कवर प्रदान किया जाता है। दुर्घटना में मृत्यु या स्थायी दिव्यांगता होने पर लगभग ₹5 लाख तक की सहायता/बीमा लाभ देय है, जबकि आंशिक स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में दिव्यांगता प्रतिशत के अनुसार लाभ प्रदान किया जाता है।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विशेष जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र व्यापारियों एवं उनके परिवारों को योजना का लाभ दिलाया जाए।जिला उद्योग बंधु की बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, एक जिला एक उत्पाद (ODOP) सहित विभिन्न औद्योगिक प्रोत्साहन योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने उद्योग विभाग को निर्देश दिया कि युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने हेतु ब्लॉक स्तर तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएं और नए उद्यमियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाए।जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत प्राप्त सभी लंबित ऋण आवेदन पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के लाभार्थियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना आवश्यक है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा।इस दौरान उन्होंने ओडीओपी उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं मार्केट लिंकिंग को मजबूत करने, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) को बढ़ावा देने हेतु विभागीय समन्वय सुदृढ़ करने , नए उद्यमियों के लिए प्रशिक्षण एवं हैंडहोल्डिंग कार्यक्रम आयोजित करने, व्यापारिक क्षेत्रों में स्वच्छता, सुरक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, संबंधित विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, उद्योग विभाग के अधिकारी एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.