एसएसबी व पुलिस टीम ने अवैध दवाओं की तश्करी करने वाले 03 तस्कर गिरफ्तार
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर।जनपद में नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं के विरुद्ध प्रशासन द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल सीमा के निकट संयुक्त छापेमारी में अवैध दवाओं की बड़ी खेप बरामद की गई तथा तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।दिनांक 15.04.2026 को अपराह्न लगभग 3:00 बजे एसएसबी 9वीं बटालियन, ड्रग इंस्पेक्टर सुमीत वर्मा एवं थाना हर्रैया पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा महादेव बांकी, खरवन बांध क्षेत्र में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान एक महिंद्रा पिकअप लोडर (संख्या UP 46T 6047) को रोका गया, जिसमें अल्प्राजोलाम, डाइसाइक्लोमाइन हाइड्रोक्लोराइड, ट्रामाडोल, एसीटामिनोफेन टैबलेट्स एवं कोडोडेक्स कफ सिरप जैसी दवाएं अवैध रूप से परिवहन की जा रही थीं।छापेमारी के दौरान वाहन में सवार गोविंद सोनी, आकाश कुमार श्रीवास्तव एवं चालक कपिल जायसवाल को गिरफ्तार किया गया। मौके से कुल 35 बॉक्स दवाएं बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत ₹11,47,057 आंकी गई है। साथ ही 05 दवाओं के नमूने परीक्षण हेतु सुरक्षित किए गए हैं।यह संयुक्त प्रवर्तन कार्रवाई लगातार 12 घंटे से अधिक समय तक चली, जो 15 अप्रैल को अपराह्न 3:00 बजे प्रारंभ होकर 16 अप्रैल को प्रातः 3:00 बजे तक जारी रही।उक्त प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 08/21, मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 तथा औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम, 1940 की धारा 18(सी), 18(बी) एवं 27 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। विस्तृत जांच उपरांत आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।जनपद प्रशासन द्वारा नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु निरंतर अभियान चलाया जा रहा है तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन निगरानी रखी जा रही है, जिससे इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर बनी हुई है।