Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

वीडियो वायरल होते ही खुला नकल का राज,बलरामपुर के परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल का मामला दर्ज

रिपोर्ट – जितेन्द्र पटेल

केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक और सचल दल पर मुकदमा; जांच के बाद शिक्षा विभाग ने की कार्रवाई

बलरामपुर। जनपद में चल रही यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल का मामला सामने आने से शिक्षा विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में परीक्षा कक्ष के अंदर कक्ष निरीक्षक द्वारा परीक्षार्थियों को पर्चियों के माध्यम से उत्तर लिखवाते हुए देखा गया है। मामले में देहात कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला पब्लिक सिटी मॉन्टेसरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अगरहवा स्थित परीक्षा केंद्र से जुड़ा बताया जा रहा है। 27 फरवरी को पहली पाली में हाईस्कूल गणित विषय की परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान कक्ष संख्या-8 में तैनात कक्ष निरीक्षक कथित रूप से छात्रों को पर्चियों के माध्यम से उत्तर लिखवाते हुए कैमरे में कैद हो गए।बताया जा रहा है कि परीक्षा कक्ष में मौजूद एक छात्र ने अपने मोबाइल फोन से यह वीडियो बना लिया और बाद में इसे अधिकारियों तक पहुंचा दिया। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए।जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने जांच के लिए राजकीय हाईस्कूल मधवाजोत के प्रधानाचार्य डॉ. चंदन कुमार पांडेय को नामित किया। जांच में परीक्षा केंद्र पर तैनात केंद्र व्यवस्थापक श्रवण कुमार शुक्ल, आंतरिक सचल दल और कक्ष निरीक्षकों की लापरवाही सामने आई। रिपोर्ट में कहा गया कि इनकी शिथिलता के कारण परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित हुई।जांच रिपोर्ट मिलने के बाद शिक्षा विभाग से अनुमति लेकर मंगलवार को बाह्य केंद्र व्यवस्थापक मधुसूदन पासवान की तहरीर पर देहात कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के सामने आने के बाद परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। बोर्ड परीक्षाओं के दौरान परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित होता है। इसके बावजूद परीक्षा कक्ष में मोबाइल पहुंचना और वीडियो बनाया जाना व्यवस्था की बड़ी चूक माना जा रहा है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.