हत्या को सड़क हादसा दिखाने की साजिश नाकाम, 4 आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर। जनपद के थाना महाराजगंज तराई क्षेत्र में हुई दो युवकों की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए हत्या की साजिश का पर्दाफाश किया है। प्रारंभ में इसे सड़क दुर्घटना बताया जा रहा था, लेकिन गहन जांच के बाद यह मामला हत्या का निकला। पुलिस ने इस प्रकरण में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रमवापुर निवासी प्रमोद ने 13 अप्रैल 2026 को अपने भाई मनोज और पड़ोसी दीपचंद उर्फ छोटू की सड़क दुर्घटना में मौत होने की सूचना दी थी। इस पर थाना महाराजगंज तराई में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित कर मामले की गहन विवेचना की गई। जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के विश्लेषण से सामने आया कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों—अनिल कुमार, खुशबू वर्मा, अजय कुमार वर्मा और संतोष कुमार—को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतक दीपचंद का खुशबू वर्मा के साथ शादी से पहले प्रेम संबंध था, जो शादी के बाद भी जारी रहा। इस कारण परिवार में तनाव बना रहता था। मृतक के पास खुशबू की कुछ पुरानी तस्वीरें भी थीं, जिनके आधार पर वह उसे ब्लैकमेल कर रहा था।इसी से परेशान होकर खुशबू ने अपने पति, भाई और चचेरे भाई के साथ मिलकर दीपचंद को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।योजना के तहत दीपचंद और उसके मित्र मनोज को गांव के बाहर बुलाया गया, जहां चारों ने मिलकर दोनों की हत्या कर दी। इसके बाद शवों को मोटरसाइकिल पर ले जाकर सेवरहवा नाले के पास फेंक दिया गया और मोटरसाइकिल वहीं छोड़ दी गई, ताकि घटना को सड़क दुर्घटना का रूप दिया जा सके।पुलिस ने घटना स्थल से मृतक के मोबाइल का टूटा हुआ हिस्सा, एक माला और मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में संबंधित धाराओं में संशोधन करते हुए आरोपियों को न्यायालय भेजा जा रहा है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।