Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

सरयू नदी में नहाने गए बुजुर्ग का दूसरे दिन उतराता मिला शव, परिजनों में कोहराम

रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा

कटरा घाट पर मिली थी साइकिल-कपड़े, एसडीआरएफ को सर्च आपरेशन में नहीं मिली थी सफलता

कर्नलगंज/गोंडा। कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के कटरा घाट पर सोमवार सुबह सरयू नदी में नहाने गए 62 वर्षीय बुजुर्ग का शव मंगलवार सुबह नदी में उतराता हुआ मिला। 24 घंटे तक चली तलाश के बाद शव मिलने परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को नदी से निकलवाकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गोंडा भेज दिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार राजकुमार गोस्वामी (62) पुत्र दयाराम निवासी मौहर गोसाईं पुरवा प्रत्येक सोमवार को करीब 15 किमी दूर से सरयू नदी में स्नान करने कटरा घाट आते थे। सोमवार सुबह भी वे भोर में घर से निकले थे। कुछ घंटे बाद स्थानीय लोगों ने कटरा घाट स्थित सरयू तट पर एक साइकिल, कपड़े और चप्पल लावारिश हालत में पड़े देखे। आसपास बुजुर्ग नहीं मिले तो परिजनों को सूचना दी गई। बुजुर्ग की पहचान उनके कपड़ों की जेब में रखे आधार कार्ड से हुई।

एसडीआरएफ को नहीं मिली सफलता, अगले दिन मिला शव

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने सोमवार देर शाम तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन शव नहीं मिला। टीम वापस लौट गई। मंगलवार सुबह सरयू नदी में बुजुर्ग का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि राजकुमार गोस्वामी प्रत्येक सोमवार को सुबह सरयू स्नान करने आते थे। उनकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.