Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

सरयू नहर में डूबकर पूर्व प्रधान की मौत, 18 घंटे बाद मिला शव

रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा

सब्जी खरीदने गए थे टैरवा बाजार, परिजनों में मचा कोहराम

गोंडा। जिले के छपिया थाना क्षेत्र में सरयू नहर में डूबने से ग्राम पंचायत तेंदुआ रानीपुर के 60 वर्षीय पूर्व प्रधान रंगीलाल की मौत हो गई। सोमवार शाम हुए इस हादसे के बाद मंगलवार दोपहर एसडीआरएफ की टीम ने करीब 18 घंटे की मशक्कत के बाद उनका शव नहर से बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सब्जी खरीदने गए थे, पुल पर बिगड़ा संतुलन

प्राप्त जानकारी के अनुसार रंगीलाल सोमवार शाम करीब 6 बजे सब्जी खरीदने टैरवा बाजार गए थे। परिजनों के मुताबिक, सब्जी खरीदने के बाद वे सरयू नहर के पुल पर बैठ गए थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे उफनती नहर में गिर गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने उन्हें नहर में गिरते देखा और शोर मचाया। लेकिन नहर में पानी का तेज बहाव होने के कारण कोई भी तत्काल उन्हें बचाने के लिए नहीं उतर सका।

घटना की सूचना पर छपिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से सोमवार देर शाम से रात 11 बजे तक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली।

एसडीआरएफ ने 4 घंटे की मशक्कत के बाद निकाला शव

मंगलवार सुबह करीब 8 बजे जिला मुख्यालय से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई। टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया और करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 12 बजे रंगीलाल का शव नहर से बरामद कर लिया।छपिया थाना प्रभारी प्रबोध कुमार ने बताया कि पूर्व प्रधान की सरयू नहर में डूबने से मौत हुई है। एसडीआरएफ की सहायता से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।पूर्व प्रधान की मौत से तेंदुआ रानीपुर गांव में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.