पुलिस-एसओजी की मुठभेड़ में 3 शातिर चोर गिरफ्तार, 2 घायल
रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा
चोरी के जेवर, तमंचे और बाइक बरामद
कर्नलगंज, गोण्डा। जिले में अपराध पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान में पुलिस-एसओजी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार देर रात बालपुर चौकी क्षेत्र के पंडित पुरवा मोड़ के पास पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने 3 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में 2 बदमाश घायल हो गए।पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ शनिवार रात करीब 9:30 बजे हुई। कर्नलगंज, परसपुर और खरगूपुर थाने की संयुक्त टीम तथा एसओजी बदमाशों की तलाश में थी। संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसी दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। बदमाशों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, चोरी में प्रयुक्त औजार, 2 मोटरसाइकिल और 3 अवैध तमंचे बरामद हुए हैं।पूंछताछ में खुलासा, 5 दिन पहले ज्वेलर्स की दुकानों में की थी चोरी, पूछताछ में खुलासा हुआ कि इन शातिरों ने 5 दिन पहले कर्नलगंज के चौरी चौराहा के पास दो ज्वेलर्स की दुकानों के शटर काटकर लाखों के आभूषण चोरी किए थे। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई थी। बदमाशों ने कैमरे का रुख मोड़ दिया था, लेकिन उनकी हरकतें फुटेज में रिकॉर्ड हो गई थीं। इसके अलावा ये खरगूपुर और परसपुर क्षेत्र में हुई कई अन्य चोरियों में भी शामिल हैं।घायल बदमाशों का इलाज जारी।मुठभेड़ में चुनमुन चौहान उर्फ विशाल के दाहिने पैर और शिवकुमार के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। तीसरे आरोपी रोशन लाल को भागते समय गिरफ्तार किया गया।तीनों पर दर्ज हैं दर्जनों मुकदमे।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार तीनों शातिर अपराधी हैं। जिसमें शिवकुमार निवासी सीताराम नगर, बहराइच पर 20 मुकदमे, चुनमुन चौहान उर्फ विशाल निवासी मल्लू सिंह पर 27 मुकदमे और रोशन लाल निवासी दीवानपुरवा पर 46 मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि एसओजी और तीन थानों की टीम लगातार निगरानी कर रही थी। सटीक सूचना पर कार्रवाई कर तीनों को गिरफ्तार किया गया। बरामद जेवरों की पहचान और अन्य चोरी के खुलासे के लिए पूंछताछ जारी है।