Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

बलरामपुर, 25 जुलाई 2026।आजाद समाज पार्टी (काशीराम) जनपद बलरामपुर के पदाधिकारियों ने शनिवार को महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में युवाओं के हितों की रक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं भर्ती प्रक्रियाओं में व्यापक सुधार तथा हालिया छात्र आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि देश के करोड़ों छात्र-छात्राओं एवं युवाओं का शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और सरकारी भर्तियों की पारदर्शिता पर विश्वास बनाए रखना आवश्यक है। ज्ञापन में शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग, पेपर लीक मामलों में कठोर कार्रवाई, भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध एवं पारदर्शी बनाने, रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति, परीक्षा शुल्क समाप्त करने तथा वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करने की मांग उठाई गई।इसके साथ ही छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच, कथित दुर्व्यवहार की जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तथा पुलिस बल की जवाबदेही सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। पार्टी ने कहा कि यदि इन मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाती है तो युवाओं का लोकतांत्रिक संस्थाओं, परीक्षा प्रणाली और भर्ती व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्टी के जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.