सावन माह के प्रथम सोमवार पर सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में दिव्य श्रृंगार दर्शन एवं भव्य संध्या आरती संपन्न
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
सादुल्लानगर, बलरामपुर। सावन माह के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर सादुल्लानगर स्थित श्री सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में बाबा सिद्धेश्वरनाथ महादेव के दिव्य शिवलिंग श्रृंगार, वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भव्य संध्या आरती एवं दिव्य श्रृंगार दर्शन का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बाल श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रों, “हर-हर महादेव” के जयघोष एवं भक्तिमय वातावरण से शिवमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने दिव्य श्रृंगार दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं कल्याण की कामना की।
श्री सिद्धेश्वरनाथ सेवा समिति के कोषाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने बताया कि सावन माह के प्रत्येक सोमवार को सायं 7:00 बजे से 8:00 बजे तक श्री सिद्धेश्वरनाथ महादेव का दिव्य श्रृंगार दर्शन एवं भव्य संध्या आरती का आयोजन श्री सिद्धेश्वरनाथ सेवा समिति द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सनातन परंपरा में सावन माह भगवान शिव की आराधना का सर्वोत्तम एवं अत्यंत पावन काल माना जाता है। इस माह में श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक, रुद्राभिषेक एवं विधि-विधान से पूजन करने पर भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है।इसी क्रम में, श्रावण माह के शुभ अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 9 अगस्त 2026 को सिद्धेश्वरनाथ मंदिर, सादुल्लानगर से श्रद्धालुओं की कांवड़ यात्रा श्री अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान करेगी। तत्पश्चात 11 अगस्त 2026 को शुभ तेरस के पावन अवसर पर भगवान शिव का पावन जलाभिषेक किया जाएगा।समस्त कांवड़िया भक्तों के लिए 9 अगस्त 2026 को सायं 3:00 बजे से कोल्हमपुर माता जी मंदिर परिसर में भोजन प्रसाद की व्यवस्था प्रारंभ होगी। यह व्यवस्था श्री सिद्धेश्वरनाथ सेवा समिति एवं समस्त शिवभक्तों के सहयोग से की जाएगी। समिति ने सभी श्रद्धालु भक्तों से कार्यक्रम में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।