Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

कृषि विभाग ने उर्वरक प्रतिष्ठानों का किया सघन निरीक्षण, तीन विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

बलरामपुर।जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन के निर्देशों के क्रम में जनपद में किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी, टैगिंग एवं अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा उर्वरक प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।इसी क्रम में जिला कृषि अधिकारी उपेन्द्र नाथ खरवार एवं वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए (कृषि) राकेश चन्द्र पाण्डेय को विकास खंड श्रीदत्तगंज क्षेत्र के विभिन्न उर्वरक प्रतिष्ठानों का संयुक्त निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान मेसर्स जासवाल ट्रेडर्स, शुक्लागंज, श्रीदत्तगंज पर विक्रेता रामसरन जायसवाल उपस्थित मिले। प्रतिष्ठान पर केवल 1.00 मीट्रिक टन सिंगल सुपर फास्फेट उपलब्ध पाया गया। निरीक्षण के दौरान अभिलेख अपूर्ण मिले तथा रेट बोर्ड, स्टॉक बोर्ड एवं दुकान का नाम पट्ट अद्यतन नहीं पाया गया। उक्त अनियमितताओं के संबंध में विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।इसी प्रकार मेसर्स आज्ञाराम मौर्या खाद बीज भण्डार, कोल्हुई बिनोहनी तथा मेसर्स शोभाराम वर्मा, रामपुर बगनहा के निरीक्षण के दौरान दोनों विक्रेता निरीक्षण की सूचना मिलते ही प्रतिष्ठान बंद कर चले गए। इस कृत्य को गंभीरता से लेते हुए दोनों विक्रेताओं के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस निर्गत किया गया है।जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में किसानों की आवश्यकता के अनुरूप उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। वर्तमान में जनपद में यूरिया 14,042.099 मीट्रिक टन (3,12,015 बोरी), डीएपी 4,186.254 मीट्रिक टन (83,725 बोरी), एनपीके 1,561.835 मीट्रिक टन (31,237 बोरी) तथा एसएसपी 10,295.562 मीट्रिक टन उपलब्ध है। विगत दिवस जनपद में 757.835 मीट्रिक टन यूरिया, 12.300 मीट्रिक टन डीएपी एवं 218.400 मीट्रिक टन एसएसपी का वितरण 8,965 कृषकों के मध्य किया गया।निरीक्षण के दौरान संबंधित विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसानों को उनकी जोत एवं खतौनी के अनुसार निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरकों का वितरण किया जाए तथा किसी भी प्रकार की टैगिंग या अनावश्यक उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य न किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के समस्त कृषकों से अपील की है कि वे उर्वरक खरीदते समय अपनी खतौनी, फार्मर आईडी, आधार कार्ड एवं बोई गई फसल का विवरण साथ रखें तथा केवल अधिकृत विक्रेताओं से निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक खरीदें। उन्होंने कहा कि जनपद में किसी भी प्रकार के उर्वरक की कोई कमी नहीं है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। कृषि विभाग किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.