Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

बंद पड़ा ट्यूबवेल का कुलाबा बना कूड़ाघर, खुले गड्ढे से स्कूली बच्चों की जान पर खतरा

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

बलरामपुर।सादुल्लानगर-जाफरपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत कम्मरपुर स्थित ट्यूबवेल का वर्षों से बंद पड़ा कुलाबा अब कूड़ाघर में तब्दील हो गया है। कुलाबा पूरी तरह खुला है और उसमें प्लास्टिक, कप, पॉलिथीन समेत भारी मात्रा में कूड़ा भरा हुआ है। न तो उस पर ढक्कन लगाया गया है और न ही किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों लोग और विभिन्न विद्यालयों में पढ़ने वाले स्कूली बच्चे गुजरते हैं। कुलाबे से महज 50 मीटर की दूरी पर एक विद्यालय भी स्थित है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह स्थान सड़क के हल्के मोड़ पर है, जिससे रात के समय और बारिश में हादसे की आशंका और बढ़ जाती है।स्थानीय निवासी नंदकिशोर, राधेश्याम, बैतुल्लाह और इरशाद ने बताया कि कुलाबा लंबे समय से बंद पड़ा है और उसमें लगातार कूड़ा डाला जा रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद न तो कूड़ा हटाया गया और न ही खुले कुलाबे को सुरक्षित किया गया। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बंद पड़े कुलाबे को तत्काल ढक्कन से ढका जाए, कूड़े की सफाई कराई जाए और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.