Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

हॉकी प्रतियोगिता में नेशनल स्पोर्ट्स सोसाइटी बलरामपुर ने 2-0 से जीतकर अपने नाम की ट्रॉफी

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

हॉकी, ताइक्वांडो व जूडो प्रतियोगिताओं में बालक-बालिकाओं ने दिखाया दमखम, ‘फिट इंडिया साइकिलिंग ऑन संडे’ में लगभग 60 बच्चों ने किया प्रतिभाग

गोरखपुर जोन में चैंपियन बनी जनपद की फुटबॉल टीम के 10 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को फुटबॉल शूज देकर किया गया सम्मानित

बलरामपुर।हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जनपद में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं युवाओं में खेल और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला खेल कार्यालय, स्पोर्ट्स स्टेडियम बलरामपुर द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। विधायक ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ ही उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढ़ते हुए जनपद, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला खेल कार्यालय द्वारा अंडर-14 बालक वर्ग की हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल एवं टीम भावना का प्रदर्शन किया। हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेलो इंडिया सेंटर, बलरामपुर एवं नेशनल स्पोर्ट्स सोसाइटी, बलरामपुर के मध्य खेला गया।रोमांचक मुकाबले में नेशनल स्पोर्ट्स सोसाइटी, बलरामपुर ने खेलो इंडिया सेंटर, बलरामपुर को 2-0 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।हॉकी प्रतियोगिता का समापन विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम द्वारा किया गया। उन्होंने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।राष्ट्रीय खेल दिवस के क्रम में ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। बालक वर्ग के 59 किलोग्राम भार वर्ग में अभय मिश्रा एवं मनीष कुमार के बीच फाइनल मुकाबला हुआ, जिसमें अभय मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। वहीं बालिका वर्ग के 55 किलोग्राम भार वर्ग में साक्षी सिद्धार्थ एवं सानिया खान के मध्य मुकाबला हुआ, जिसमें साक्षी सिद्धार्थ विजेता रहीं।इसी प्रकार जूडो प्रतियोगिता में भी बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग के 52 किलोग्राम भार वर्ग में नैंसी उपाध्याय एवं रिया उपाध्याय के बीच फाइनल मुकाबला हुआ, जिसमें नैंसी उपाध्याय ने जीत दर्ज की। वहीं बालक वर्ग के 55 किलोग्राम भार वर्ग में यशराज जायसवाल एवं अंकित यादव के बीच फाइनल मुकाबला हुआ, जिसमें यशराज जायसवाल विजेता रहे।
खेल गतिविधियों के साथ ही प्रातः 7 बजे खेलो इंडिया के अंतर्गत ‘फिट इंडिया साइकिलिंग ऑन संडे’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें लगभग 60 बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। साइकिलिंग के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं को नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।इस अवसर पर जिला युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में जनपद बलरामपुर के 10 खिलाड़ियों द्वारा गोरखपुर जोन में प्रतिभाग कर जनपद का प्रतिनिधित्व किए जाने तथा टीम के चैंपियन बनने पर खिलाड़ियों का विशेष रूप से उत्साहवर्धन किया गया।
गोरखपुर जोन की टीम में जनपद का प्रतिनिधित्व करने वाले सरज गौतम, फैजान अंसारी, पवन यादव, आयुष श्रीवास्तव, मो० जीशान अंसारी, उत्कर्ष सैनी, अनादि सिंह, एकलव्य पाण्डेय, तुषार मिश्रा एवं सत्यम यादव को शिव शक्ति इंटरप्राइजेज, बागपत द्वारा उपलब्ध कराए गए फुटबॉल शूज एवं मोजे प्रदान कर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम ने कहा कि जनपद में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि खिलाड़ियों को उचित मंच, नियमित अभ्यास एवं प्रोत्साहन मिलता रहे। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और पूरी लगन एवं अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया।राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से जहां उभरती खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला, वहीं ‘फिट इंडिया’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाते हुए स्वस्थ जीवनशैली, खेल भावना और शारीरिक सक्रियता को बढ़ावा दिया गया।प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में उपक्रीड़ाधिकारी श्रीमती अनुपमा धानुक, हॉकी संघ बलरामपुर की सचिव सुश्री रश्मि सिंह, नागेन्द्र कुमार गिरि, विजय शंकर पाण्डेय, अभय सिंह, हिना खातून, फरोग अलवी, पवन कुमार सहित स्पोर्ट्स स्टेडियम के समस्त स्टाफ द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।जिला क्रीड़ाधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं का उद्देश्य जनपद की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा बच्चों एवं युवाओं में खेल एवं फिटनेस के प्रति रुचि को और बढ़ावा देना है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.