Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम की अध्यक्षता में जिला व्यापार बंधु, जिला उद्योग बंधु एवं जिला स्तरीय बैंकिंग समिति की बैठक संपन्न

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता से हो समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण — डीएम

बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला व्यापार बंधु, जिला उद्योग बंधु एवं जिला स्तरीय बैंकिंग समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद में व्यापार एवं उद्योग से संबंधित विभिन्न बिंदुओं, शासन की स्वरोजगारपरक योजनाओं तथा बैंकिंग सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।जिला व्यापार बंधु एवं जिला उद्योग बंधु की बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित व्यापारियों एवं उद्यमियों से संवाद करते हुए उनकी शिकायतों, समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को व्यापारियों एवं उद्यमियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में व्यापार एवं उद्योग के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उद्यमियों को विभिन्न विभागों से संबंधित आवश्यक अनुमतियों, योजनाओं एवं अन्य प्रक्रियाओं में अनावश्यक परेशानी न हो तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यापारियों एवं उद्यमियों के प्रकरणों में संवेदनशीलता के साथ प्रभावी कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना सहित उद्योग एवं स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा के दौरान उन्होंने लंबित आवेदन पत्रों की स्थिति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक पात्र युवाओं को योजनाओं का लाभ समय से मिले तथा आवेदन से लेकर ऋण स्वीकृति एवं वितरण तक की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने योजना के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने विभाग एवं बैंकों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए पात्र प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाए जाने के निर्देश दिए।विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लाभार्थियों के प्रशिक्षण की प्रगति की जानकारी ली तथा पात्र लाभार्थियों का प्रशिक्षण शीघ्र प्रारंभ एवं पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परंपरागत कारीगरों एवं श्रमिकों को कौशल विकास के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।इसके उपरांत जिला स्तरीय बैंकिंग समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने बैंकिंग गतिविधियों एवं शासन की विभिन्न रोजगारपरक एवं ऋण योजनाओं से संबंधित प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बैंक अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगारपरक योजनाओं के पात्र आवेदकों के प्रकरणों का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि विभागों एवं बैंकों के बेहतर समन्वय से युवाओं को स्वरोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं। ऋण संबंधी आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करने में तेजी लाई जाए।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, उपायुक्त जीएसटी, उपायुक्त उद्योग, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, व्यापारी एवं उद्यमी तथा अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.