बलरामपुर में दुर्गा पंडाल में मौत बनकर घुसी कार, तीन की मौत, चार गंभीर घायल
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
तेज रफ्तार कार ने टेंट तोड़ते हुए लोगों को रौंदा, हादसे के बाद गांव में मची चीख-पुकार; पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
बलरामपुर। जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के चरन गहिया बेल्हा गांव में शनिवार रात करीब 10:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्गा पूजा पंडाल के पास सड़क से नीचे टेंट लगाकर पर्दे पर वीडियो देख रहे लोगों को एक अनियंत्रित कार ने रौंद दिया। हादसे में सात लोग घायल हो गए। इनमें मनोज सिंह (30), गणेश कुमार (40) और पातेश्वरी (36) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
टेंट तोड़ते हुए लोगों पर चढ़ी कार
जानकारी के मुताबिक, गांव में सड़क किनारे दुर्गा माता का मंदिर है। मंदिर के बगल में सड़क से नीचे टेंट लगाया गया था, जहां पर्दे पर वीडियो दिखाया जा रहा था। शनिवार रात कार्यक्रम के दौरान अचानक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर वहां पहुंची और टेंट का कुछ हिस्सा तोड़ते हुए लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सात लोग घायल हो गए। दुर्घटना में एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार को भी नुकसान पहुंचा।
तीन परिवारों में पसरा मातम, चार घायल
हादसे में मनोज सिंह, गणेश कुमार और पातेश्वरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, छेदी गुप्ता, डब्लू गुप्ता, मुकेश तिवारी और धूप राम घायल हो गए। उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि घटना में कुछ अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आईं, लेकिन वे अस्पताल नहीं पहुंचे। हादसे की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
‘फोन आने पर मंदिर चला गया, वरना मैं भी हादसे का शिकार हो जाता’
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि वह रात करीब 10 बजे तक पंडाल में मौजूद थे। इसी दौरान फोन आने पर वह मंदिर के अंदर चले गए। उनके मुताबिक, कुछ ही देर बाद कार लोगों को रौंदते हुए पंडाल में घुस गई। उन्होंने कहा कि यदि वह उस समय पंडाल में मौजूद होते, तो संभव है कि वह भी हादसे की चपेट में आ जाते।
प्रत्यक्षदर्शी ने आरोप लगाया कि कार चालक शराब के नशे में था। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस बिंदु पर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
हादसे की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली और कोतवाली देहात की पुलिस मौके पर पहुंच गई। नगर क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। नगर क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह के अनुसार, पुलिस ने घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया है और चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।