मुख्यमंत्री के दौरे पर गायब हो जाते हैं निराश्रित मवेशी, लौटते ही फिर सड़क पर जमावड़ा
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
सिसई गौशाला के बगल में NH-730 पर मवेशियों का कब्जा, हादसों का खतरा बरकरार
बलरामपुर। जिला मुख्यालय से महज तीन किलोमीटर दूर मां विश्लेश्वरी देवी मंदिर के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर शाम होते ही बड़ी संख्या में निराश्रित गायों का जमावड़ा लग जाता है। सड़क पर बैठे और विचरण करते मवेशियों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।हैरानी की बात यह है कि इसी के बगल में सिसई गौशाला भी स्थित है, इसके बावजूद सड़क पर मवेशियों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनपद भ्रमण कार्यक्रम होता है, तो उससे एक दिन पहले सड़क से गायें अचानक गायब हो जाती हैं। लेकिन मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उड़ते ही सड़क पर फिर पहले जैसी स्थिति दिखाई देने लगती है।यह स्थिति निराश्रित गोवंश के संरक्षण और गौशाला की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराने, गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लेने और राष्ट्रीय राजमार्ग को मवेशियों से मुक्त कराने के लिए स्थायी कदम उठाने की मांग की है।प्रकरण के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता से उनका पक्ष जानने के लिए सरकारी नंबर पर फोन किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं होने के कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।