Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

कृषि विभाग ने बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर किया छापेमारी

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

जिलाधिकारी के निर्देशन में कृषि विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता परीक्षण हेतु 20 बीज नमूने संग्रहित

अनियमितताओं पर 04 बीज विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस एवं 02 विक्रेताओं को चेतावनी जारी, कालाबाजारी एवं अधिक मूल्य वसूली पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

बलरामपुर।जनपद में वर्तमान रबी फसलों की बुवाई के दृष्टिगत किसानों को गुणवत्तापूर्ण, प्रमाणित एवं निर्धारित मूल्य पर बीज की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा विशेष निगरानी एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में कृषि विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीमों द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित निजी एवं अर्द्धशासकीय बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया।जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि कृषि अनुभाग, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में रबी फसलों की बुवाई के दौरान किसानों को सभी प्रकार के गुणवत्तायुक्त, प्रमाणित एवं आधार बीज उचित दरों पर उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए जनपद में बीज की उपलब्धता, गुणवत्ता, भंडारण, स्टॉक रजिस्टर तथा विक्रय संबंधी अभिलेखों की नियमित जांच की जा रही है।इसी क्रम में दिनांक 27 अक्टूबर, 2026 को बीज निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीमों द्वारा जनपद के निजी एवं अर्द्धशासकीय बीज संस्थानों के गोदामों, बीज निर्माताओं, थोक विक्रेताओं तथा खुदरा बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई।निरीक्षण के दौरान टीमों द्वारा बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध बीजों के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया गया। इसके साथ ही बीजों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, प्रमाणन संबंधी विवरण, स्टॉक रजिस्टर, क्रय-विक्रय अभिलेखों तथा निर्धारित मूल्य पर बिक्री की स्थिति की जांच की गई।अभियान के दौरान गुणवत्ता परीक्षण हेतु 20 बीज नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों की जांच के आधार पर बीजों की गुणवत्ता का सत्यापन किया जाएगा। निरीक्षण में पाई गई अनियमितताओं के संबंध में 04 बीज विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, जबकि 02 बीज विक्रेताओं को चेतावनी जारी की गई।जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि सभी बीज विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध बीजों के स्टॉक एवं मूल्य संबंधी विवरण को अद्यतन रखें तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही बीजों का विक्रय करें। बीजों की बिक्री में पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसानों को नियमानुसार बिल अथवा रसीद उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने बताया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बीजों की कालाबाजारी, निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि की वसूली, स्टॉक संबंधी अनियमितता अथवा अमानक बीजों की बिक्री पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कृषि विभाग को निर्देशित किया है कि रबी बुवाई के दृष्टिगत किसानों को समय से पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।इसके लिए बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर नियमित निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई जारी रखी जाए। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों का संरक्षण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है तथा कृषि निवेशों की गुणवत्ता एवं उचित मूल्य पर उपलब्धता सुनिश्चित करने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली अनियमितताओं पर प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा बीजों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी रखी जाए, जिससे रबी फसलों की बुवाई के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे बीज खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेट पर अंकित विवरण, वैधता अवधि एवं निर्धारित मूल्य की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा अधिकृत विक्रेताओं से ही बीज खरीदें। बीज खरीदने के उपरांत उसकी रसीद सुरक्षित रखें। यदि किसी विक्रेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि की मांग की जाती है अथवा बीज की गुणवत्ता को लेकर कोई शिकायत हो तो इसकी सूचना कृषि विभाग को दें, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनपद में किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि निवेश उपलब्ध कराने तथा बीजों की कालाबाजारी एवं अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.