सफाई के दौरान जहरीले सांप ने डंसा, 12 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
परिवार में मचा कोहराम, गांव में शोक की लहर
उतरौला(बलरामपुर ) उतरौला क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां घर की सफाई कर रही 12 वर्षीय मासूम छात्रा की जहरीले सांप के डंसने से मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, थाना श्रीदत्तगंज अंतर्गत चौकी महदेइया क्षेत्र के ग्राम मुजेहना निवासी मिश्रीलाल की 12 वर्षीय पुत्री शिवानी, जो प्राथमिक विद्यालय मुजेहना की छात्रा थी, सोमवार सुबह लगभग 10 बजे अपने पुराने घर की सफाई कर रही थी।बताया जा रहा है कि सफाई के दौरान घर में बने एक बिल में जैसे ही उसने हाथ डाला, उसमें छिपे जहरीले सांप ने उसे डंस लिया। सांप के काटते ही शिवानी की हालत बिगड़ने लगी, जिससे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।आनन-फानन में परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी महदेइया अमर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की।इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि शिवानी के पिता रोजगार के सिलसिले में कुछ दिन पहले ही परदेश गए थे। बेटी की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।