Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

हरखड़ी गांव में 40 वर्षीय आसमा खातून की संदिग्ध मौत, दुपट्टे से बंधा मिला गला; पोस्टमार्टम को भेजा गया शव

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

बलरामपुर।थाना पचपेड़वा क्षेत्र के ग्राम हरखड़ी में बुधवार सुबह एक 40 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से गांव में सनसनी फैल गई। महिला का शव घर में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल डायल 112 और थाना पचपेड़वा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया।मृतका की पहचान आसमा खातून (40) पत्नी मोहम्मद अकरम उर्फ राजू पुत्र अब्बास के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मृतका का पति बीते चार जून को रोजी-रोटी की तलाश में सऊदी अरब गया था, जहां वह मेहनत-मजदूरी करता है। परिवार में एक 11 वर्षीय बेटा और एक बेटी है। बेटी की शादी करीब चार महीने पहले हुई थी।सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।इस संबंध में थाना प्रभारी पचपेड़वा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटनास्थल पर स्थानीय जिला पंचायत सदस्य साजिद खान, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। मृतका के पिता आफत अली निवासी रमईपुर, थाना गैसड़ी ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी बेटी की मौत के कारणों का पता लगाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।फिलहाल महिला की संदिग्ध मौत को लेकर गांव में कई तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.