डीएम ने किया गुमड़ी–रेहरा–सादुल्लानगर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण, निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
नाबार्ड-31 योजना के अंतर्गत ₹29.94 करोड़ की लागत से 15.87 किलोमीटर मार्ग का किया जा रहा चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण
डीएम ने रेहरा बाजार तिराहे पर स्थानीय नागरिकों से किया संवाद, सड़क निर्माण को लेकर प्राप्त किए सुझाव
बलरामपुर।जनपद में सड़क अवस्थापना सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा विकास खंड रेहरा बाजार में लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे ।गुमड़ी–रेहरा–सादुल्लानगर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रेहरा बाजार तिराहे पर पहुंचकर निर्माणाधीन मार्ग की प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा के संबंध में संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता द्वारा अवगत कराया गया कि नाबार्ड-31 योजना के अंतर्गत ₹2994.90 लाख (लगभग ₹29.94 करोड़) की स्वीकृत लागत से 15.87 किलोमीटर लंबे गुमड़ी–रेहरा–सादुल्लानगर मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य कराया जा रहा है।परियोजना के अंतर्गत मार्ग की वर्तमान चौड़ाई 3.75 मीटर से बढ़ाकर 7 मीटर की जाएगी, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगी।अधिशासी अभियंता ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत निर्माण कार्य दिनांक 19 मार्च 2026 से प्रारंभ किया गया है तथा कार्य पूर्ण किए जाने की निर्धारित तिथि 18 जून 2027 है। वर्तमान में परियोजना की लगभग 50 प्रतिशत भौतिक प्रगति प्राप्त की जा चुकी है।उन्होंने बताया कि मार्ग के चौड़ीकरण के अंतर्गत जीएसबी एवं डब्ल्यूएमएम का कार्य 15.87 किलोमीटर के सापेक्ष 15.50 किलोमीटर लंबाई में पूर्ण किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त आबादी क्षेत्रों में प्रस्तावित 3.80 किलोमीटर सीसी रोड के सापेक्ष 2 किलोमीटर लंबाई में निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। मार्ग के शेष हिस्सों में डीबीएम एवं बीसी सहित अन्य सुदृढ़ीकरण कार्य कराए जाने हैं।जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवशेष कार्यों में तेजी लाई जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सड़क की मजबूती एवं कार्य की नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे निर्मित सड़क लंबे समय तक टिकाऊ एवं सुरक्षित बनी रहे।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को योजनाबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जाए तथा कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आमजन की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रेहरा बाजार तिराहे पर उपस्थित स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से संवाद किया। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के संबंध में लोगों से सुझाव प्राप्त किए तथा स्थानीय स्तर पर आवागमन से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय नागरिकों से प्राप्त व्यावहारिक सुझावों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आबादी क्षेत्रों में सीसी रोड निर्माण के दौरान स्थानीय परिस्थितियों एवं आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास का महत्वपूर्ण आधार है।गुमड़ी–रेहरा–सादुल्लानगर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कस्बों के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा।सड़क की चौड़ाई 3.75 मीटर से बढ़कर 7 मीटर होने से वाहनों के आवागमन में सुविधा होगी तथा क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को बेहतर सड़क संपर्क का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही कृषि उत्पादों के परिवहन, स्थानीय व्यापार एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में संचालित सभी विकास एवं निर्माण कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित अवधि में परियोजना पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए।इस दौरान उप जिलाधिकारी उतरौला, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।