डीएम की अध्यक्षता में यूपी बोर्ड परीक्षा–2027 के परीक्षा केंद्र निर्धारण को लेकर बैठक संपन्न
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में पारदर्शिता, निर्धारित मानकों एवं परीक्षार्थियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के डीएम ने दिए निर्देश
बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित होने वाली हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा–2027 के लिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।बैठक में जिलाधिकारी ने प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं, आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा मानकों एवं परीक्षा के सुचारु संचालन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों का निर्धारण शासन एवं माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए। परीक्षा केंद्रों के चयन में विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं, परीक्षार्थियों की संख्या, विद्यालय की क्षमता, आवागमन की सुगमता तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।उन्होंने कहा कि सभी प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त कक्ष, फर्नीचर, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वॉयस रिकॉर्डर एवं अन्य आवश्यक निगरानी व्यवस्थाओं की उपलब्धता का सत्यापन किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों का निर्धारण करते समय सभी निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों का निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षण करते हुए आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनियमितता नहीं होनी चाहिए।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों का निर्धारण करते समय छात्राओं एवं दूरस्थ क्षेत्रों के परीक्षार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे परीक्षार्थियों को अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े।उन्होंने कहा कि जनपद में बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन नकलविहीन, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग समय से आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें।बैठक में सभी एसडीएम , जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।