मारपीट की घटना में वृद्ध की मौत,पुलिस ने आठ के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
उतरौला, बलरामपुर। उतरौला ग्रामीण के रजया हरनीडीह में गुरुवार सुबह दो पक्षों में मारपीट के बाद पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। इलाज के दौरान राम प्यारे यादव (80) की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पौत्र की तहरीर पर आठ के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ता दीपक कुमार यादव ने अपनी शिकायत मे कहा कि गुरुवार सुबह नौ बजे हैंडपंप का पानी खेत में जाने की बात को विपक्षी गणों ने लाठी, डंडा, सरिया से घर के सदस्यों को बुरी तरह मारा-पीटा। घटना में पांच लोगों को गंभीर चोटें आईं जिन्हे इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। राम प्यारे की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें बलरामपुर रेफर किया गया। बाद में उन्हे बहराइच रेफर किया गया जहां उनकी मौत हो गई। शेष घायलों का इलाज चल रहा है।पुलिस ने रामदेव, रामकिशुन, रामकरन, हेमंत, जितेंद्र, ओमप्रकाश, सुभाष व हिमांशु के विरुद्ध हमला, धमकी, गाली गलौज समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है, शेष की तलाश की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय का कहना है कि वृद्ध की मृत्यु के बाद धाराएं बढ़ाई गई हैं। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।