प्राथमिक विद्यालय भुताहा में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस, बाल मेले में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
रेहरा बाजार, बलरामपुर।देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिवस 14 नवंबर को प्राथमिक विद्यालय भुताहा में बाल दिवस के रूप में बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत चाचा नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर पूरे दिन विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल रहा और एक भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया।सजे आकर्षक स्टॉल और हुई प्रतियोगिताएं बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय में खेलकूद, मनोरंजन और सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।बच्चों ने विद्यालय परिसर में खान-पान, गुब्बारे और खिलौनों के कई आकर्षक स्टॉल लगाए। कार्यक्रम के दौरान इंचार्ज प्रधानाध्यापक राम जनम वर्मा ने बच्चों को चाचा नेहरू की जीवनी और उनके आदर्शों के बारे में विस्तार से बताया। वहीं, शिक्षकों ने चाचा नेहरू के जीवन पर आधारित एक मनमोहक कविता प्रस्तुत कर बच्चों में उत्साह भर दिया।कार्यक्रम के अंतिम चरण में बच्चों ने विभिन्न देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।इस बाल मेले में उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों ने बच्चों द्वारा लगाए गए स्टॉलों से खरीदारी कर उनका जमकर उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम में शिक्षका दीपिका मिश्रा व संगीता, सीमा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।