Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति एवं परंपराओं को किया गया नमन

भगवान बिरसा मुंडा की मूर्ति का हुआ शिलान्यास

बलरामपुर।महान स्वतंत्रता सेनानी, जनजातीय समाज के गौरव एवं अदम्य साहस, संघर्ष तथा स्वाभिमान के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जनपद बलरामपुर में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य एवं गरिमामय आयोजन थारू संग्रहालय, इमिलिया कोडर, पचपेड़वा में किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महंत देवीपाटन मंदिर मिथलेश नाथ योगी, प्रभारी जिलाधिकारी,मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह, प्रधानाचार्य आशुतोष सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में थारू जनजातीय समाज के लोगों ने प्रतिभाग किया।कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र,प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय साहस, त्याग, बलिदान एवं देश की स्वतंत्रता में उनके अमूल्य योगदान को नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की मूर्ति का शिलान्यास किया गया। यह पहल जनजातीय समाज के महानायक भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान एवं गौरवशाली इतिहास को चिरस्थायी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।भगवान बिरसा मुंडा की मूर्ति स्थापित होने से आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन, आदर्शों एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा प्राप्त होगी। साथ ही जनजातीय समाज की ऐतिहासिक विरासत एवं सांस्कृतिक पहचान को और अधिक मजबूती मिलेगी।कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक एवं जानकारीपरक स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से जनजातीय समाज के लोगों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उनके लाभ एवं पात्रता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई गई।विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उपस्थित लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वरोजगार, आजीविका संवर्धन, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, आवास एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जागरूक किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय समाज के पात्र व्यक्तियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं आर्थिक सशक्तीकरण के अवसरों से जोड़ना रहा।जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में थारू जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला एवं परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली।सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समाज की विशिष्ट पहचान, पारंपरिक जीवनशैली, लोकसंस्कृति एवं सामाजिक मूल्यों को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रमों ने जनजातीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया।इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि थारू समाज की लोककला, परंपराएं एवं संस्कृति जनपद बलरामपुर की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण एवं संवर्धन किया जाना अत्यंत आवश्यक है।कार्यक्रम के दौरान भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं स्वतंत्रता संग्राम में उनके ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया गया।भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज के अधिकारों, जल-जंगल-जमीन की रक्षा तथा सामाजिक जागरण के लिए ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया। उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, सामाजिक एकता, आत्मसम्मान एवं राष्ट्रप्रेम का अद्वितीय उदाहरण है।जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन उनके महान योगदान को सम्मान देने के साथ ही जनजातीय समाज की पहचान, संस्कृति एवं गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है।इस अवसर पर प्रभारी जिलाधिकारी,मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने जनजातीय समाज के शैक्षिक, सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के महत्व पर प्रकाश डाला।उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनजातीय समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, रोजगार, आवास एवं मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जनजातीय समाज के पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने तथा उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाने पर जोर दिया।कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों एवं बड़ी संख्या में थारू जनजातीय समाज के लोगों की सहभागिता रही। आयोजन के माध्यम से जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान, गौरवशाली इतिहास एवं विकास की संभावनाओं को प्रमुखता से सामने लाया गया।इस दौरान महंत देवीपाटन मंदिर मिथलेश नाथ योगी, प्रभारी जिलाधिकारी,मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह, प्रधानाचार्य आशुतोष, विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में थारू जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए जनजातीय समाज की समृद्ध विरासत के संरक्षण, सामाजिक एकता एवं सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.