सिर पर लाठी-डंडे से हमला करने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
रेहरा बाजार/बलरामपुर। थाना रेहरा बाजार क्षेत्र के कल्लूजोत भरतपुर ग्रांट गांव में युवक पर लाठी-डंडों से हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सागौन का डंडा भी बरामद किया गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया।पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर को गांव निवासी किशमतुन्निशा पत्नी निजामुद्दीन उर्फ जुम्मन ने थाने में तहरीर देकर बताया कि परिवार की दो महिलाओं के बीच आपसी विवाद हो रहा था। इसी दौरान उनका पुत्र इस्माईल विवाद शांत कराने पहुंचा। आरोप है कि तभी सलमान, शाबान, राजू उर्फ कल्लू और वसीम ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडों से इस्माईल के सिर पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज जिला मेमोरियल अस्पताल बलरामपुर में चल रहा है।मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अनिल कुमार दीक्षित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 18 नवंबर को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रतीक पाण्डेय, अनिल यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।