Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

पुलिस अधीक्षक ने पुलिस ध्वज फहराकर पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों को पुलिस ध्वज का स्टीकर लगाया

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

मिष्ठान वितरण कर उपस्थित सभी अधिकारी,कर्मचारी गण को पुलिस झण्डा दिवस की शुभकामनाएं दी गई

बलरामपुर।आज दिनांक 23.11.2026 को पुलिस झण्डा दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मार्तण्ड प्रकाश सिंह द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन बलरामपुर में पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी गई। इस अवसर पर उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस झण्डा दिवस के ऐतिहासिक महत्व एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास, शौर्य, पराक्रम तथा कर्तव्यनिष्ठा की परम्पराओं के संबंध में जानकारी दी गई।पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि 23 नवम्बर का दिन उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण एवं गौरवशाली दिवस है।इसी दिन वर्ष 1952 में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस एवं पीएसी को शौर्य, अदम्य साहस एवं कर्तव्यपरायणता के लिए पुलिस ध्वज प्रदान किया गया था। यह ध्वज पुलिस बल के गौरव, सम्मान, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की वर्दी की बायीं जेब के ऊपर पुलिस ध्वज का स्टीकर लगाया गया तथा पुलिस झण्डा दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिष्ठान वितरित कर इस गौरवशाली दिवस की खुशियां साझा की गईं।पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस ध्वज केवल एक प्रतीक मात्र नहीं है, बल्कि यह पुलिस बल के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, निष्पक्षता एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने में प्रभावी भूमिका निभाना है।वर्तमान समय में पुलिस की जिम्मेदारियां निरंतर बढ़ती जा रही है जैसे कि साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, संगठित अपराध तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित चुनौतियों का सामना करने के लिए पुलिस बल को सदैव सतर्क, संवेदनशील एवं तकनीकी रूप से दक्ष रहना आवश्यक है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को आमजन के प्रति विनम्र व्यवहार रखते हुए पीड़ितों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुलिस ध्वज की आन-बान-शान बनाए रखने, संविधान एवं कानून के प्रति निष्ठावान रहने तथा जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पूर्ण मनोयोग से कार्य करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह एवं गौरव का वातावरण रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल के गौरवशाली इतिहास एवं समर्पित सेवा भावना को स्मरण करते हुए सभी को अपने कर्तव्यों के प्रति सदैव सजग, संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध रहने के लिए प्रेरित करना रहा।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल, पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार सिंह व अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.