Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान मां और नवजात की मौत, इलाज में लापरवाही का आरोप

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

परिजनों ने चिकित्सक व कर्मचारियों पर उठाए सवाल, डीएम ने एसडीएम को सौंपी जांच

बलरामपुर । रेहरा_बाजार थाना क्षेत्र के धुसवा_बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा और नवजात बालिका की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सक और कर्मचारियों पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन हरकत में आ गया है। चिकित्सा अधीक्षक मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं, जबकि जिलाधिकारी ने एसडीएम को भी जांच के निर्देश दिए हैं।गजपुर ग्रिंट के पुरवे बनियनडीह निवासी सुनीता (40) पत्नी राम अवतार को सोमवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर परिजन धुसवा बाजार स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। मृतका की देवरानी करौरा का आरोप है कि सुबह से रात आठ बजे तक अस्पताल में मौजूद चिकित्सक ने सुनीता को कई इंजेक्शन लगाए। इसके बाद उनके शरीर में सूजन आने लगी। रात करीब नौ बजे एक अन्य चिकित्सक अस्पताल पहुंचा और ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के दौरान नवजात बालिका मृत पैदा हुई।परिजनों के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद अस्पताल कर्मियों ने सुनीता को एक और इंजेक्शन लगाया। कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी और शरीर ठंडा पड़ने लगा। अस्पताल कर्मियों ने उन्हें एंबुलेंस से गोंडा ले जाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए। कुछ देर बाद सुनीता की भी मौत हो गई। मां और नवजात की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।सुनीता के दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। उनके पति राम अवतार मुंबई में मजदूरी करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। परिजनों का कहना है कि पति के लौटने के बाद अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शोयब अहमद ने बताया कि वह मामले की जांच के लिए मौके पर मौजूद हैं। जिलाधिकारी ने भी एसडीएम को जांच सौंपी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि प्रसव के दौरान किन परिस्थितियों में मां और नवजात की मौत हुई और इलाज में लापरवाही हुई या नहीं।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.