Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम ने जनगणना जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

04 दिसंबर तक जनपद में भ्रमण कर आमजन को जनगणना के प्रति जागरूक करेगी एलईडी वैन

स्व-गणना के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने की अपील

बलरामपुर।जनगणना-2027 के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कलेक्ट्रेट परिसर से जनगणना जागरूकता रथ (एलईडी वैन) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।जनगणना जागरूकता रथ दिनांक 04 दिसंबर 2026 तक जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को जनगणना के महत्व, स्व-गणना की प्रक्रिया एवं जनसंख्या गणना के संबंध में जागरूक करेगा। एलईडी वैन के माध्यम से जनगणना से संबंधित आवश्यक जानकारियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास की आधारशिला है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता एवं सही जानकारी उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है।जिलाधिकारी ने समस्त जनपदवासियों से अपील की कि जनगणना के लिए घर आने वाले प्रगणकों का स्वागत करें, उन्हें सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। हर घर की भागीदारी से ही देश की सही तस्वीर बनेगी।जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना की अवधि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। नागरिक https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। वहीं, 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से स्व-गणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने एवं जनगणना के राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने की अपील की।जनगणना-2027
हमारी जनगणना, हमारा विकास।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.