Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

जिलाधिकारी ने कृषि भवन का किया औचक निरीक्षण

रिपोर्ट – राम चरित्र वर्मा

कृषि विभाग की योजनाओं एवं प्रगति की गहन समीक्षा

गन्ना किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने की पहल , नेशनल शुगर इंस्टीट्यूट कानपुर भेजने के निर्देश

बलरामपुर।जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा कृषि भवन का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कृषि विभाग के विभिन्न पटलों के कार्यों का विस्तृत जायजा लिया तथा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, आत्मा योजना, कृषि विज्ञान केंद्रों पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम, पीएम कुसुम योजना, ऑडिट आपत्तियों की स्थिति, कृषि पाठशाला, हाइब्रिड धान बीज वितरण, फार्मर रजिस्ट्री, कृषि विकास योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित रजिस्टरों एवं अभिलेखों का अवलोकन करते हुए सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों को आधुनिक एवं तकनीकी खेती के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिया कि अंतर्जनपदीय भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत गन्ना किसानों को नेशनल शुगर इंस्टीट्यूट, कानपुर भेजा जाए, जिससे वे नवीन तकनीकों से अवगत हो सकें।उन्होंने जनपद के कृषि विज्ञान केंद्रों पर आयोजित होने वाले जागरूकता कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने एवं अधिक से अधिक किसानों को तकनीकी खेती का प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश भी दिए।इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा जिला भूमि संरक्षण अधिकारी कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया तथा वहां संचालित कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों का नियमित निरीक्षण करने एवं कार्यों को समयबद्ध एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.