स्कूली बस ने दूध विक्रेता युवक को कुचला, मौके पर मौत
रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा
हादसे के बाद बस छोड़कर फरार हुआ चालक, पुलिस ने शुरू की तलाश
गोण्डा-जनपद के वजीरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला। शेरापुर चौराहे के पास दूध बेचने जा रहे 19 वर्षीय युवक को एक निजी स्कूल की बस ने बेरहमी से कुचल दिया। भीषण हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मृतक की पहचान अनूप गोस्वामी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनूप रोजाना की तरह साइकिल पर दूध लादकर बिक्री के लिए निकला था। इसी दौरान सामने से आ रही ग्रीन वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की तेज रफ्तार बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सीधे बस के पहियों के नीचे आ गया और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह बस छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलते ही वजीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जाता है कि मृतक अनूप गोस्वामी दो भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार का भरण-पोषण दूध बेचकर करता था। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। इस मामले में वजीरगंज थानाध्यक्ष विपुल कुमार पाण्डेय ने बताया कि स्कूल बस को जब्त कर लिया गया है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।