Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

कर्नलगंज–हुजूरपुर मार्ग पर संदिग्धावस्था में अज्ञात व्यक्ति का मिला शव, मची सनसनी

रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भेजा पोस्टमार्टम,लोगों में तरह तरह की चर्चा

गोंडा। जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्नलगंज–हुजूरपुर मार्ग पर गोड़वा गांव के पास शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सड़क किनारे शव देखे जाने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। घटना की जानकारी ग्राम प्रधान राजेश तिवारी द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके की जांच-पड़ताल करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जनपद मुख्यालय भेजा गया है। प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी ने बताया कि मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। इस घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों के बीच दुर्घटना, बीमारी या किसी आपराधिक घटना की आशंका को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध जानकारी को तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.